हरिद्वार:- कनखल स्थित मृत्युंजय मठ के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी यमुनापुरी महाराज के आश्रम से लाखों रूपये की नगदी और कीमती सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की घटना में स्वामी वैराग्यपुरी पर स्वामी यमुनापुरी ने आरोप लगाया है।
महामंडलेश्वर स्वामी यमुनापुरी महाराज ने बताया कि 2009 में संन्यास दीक्षा दी स्वामी वैराग्यपुरी पर उन्हें पूरा भरोसा था। आश्रम की तिजोरी और हिसाब-किताब की सारी चाबियां उन्हीं के पास रहती थीं।स्वामी यमुनापुरी के अनुसार 27 से 28 लाख रुपये की बड़ी रकम, एक सोने की रुद्राक्ष माला, और छह छोटी चांदी की कटोरियां लेकर फरार हो गया हैं। जाने से पहले उन्होंने केवल एक मैसेज छोड़ा कि वह जा रहे हैं।महामंडलेश्वर स्वामी यमुनापुरी ने बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में वैराग्यपुरी अपने हाथ में एक बैग लेकर जाते हुए दिख रहे हैं। बताया कि रात लगभग 1.30 बजे कैमरा फुटेज में वह आश्रम से बाहर निकलते हुए दिखाई दिए।
महामंडलेश्वर स्वामी यमुनापुरी महाराज ने पुलिस प्रशासन से पुरजोर कोशिश करने और जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहाकि मैं चाहता हूं कि पुलिस प्रशासन उसको पकड़े और उचित दंड दे और हमारे आश्रम, ट्रस्ट का जो पैसा है, वो वापस आए हमारे पास।
उन्होंने प्रशासन की क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा कि जब हम इतने बड़े आतंकवादियों को पकड़ सकते हैं, तो यह तो आतंकवादी भी नहीं है। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी स्वामी वैराग्यपुरी की तलाश में जुट गई है।
