हरिद्वार :- जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को दूधाधारी चौक, भूपतवाला क्षेत्र में बिछाई जा रही सीवर लाइन निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सीवर लाइन निर्माण कार्य स्थायित्व को ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि भविष्य में रिसाव या पुनः खुदाई की स्थिति न बने।

उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाए और उनकी दैनिक गतिविधियों में न्यूनतम बाधा उत्पन्न हो। अपर रोड व हरकी पौड़ी क्षेत्र में कार्य शुरू करने से पूर्व व्यापार मंडल, श्री गंगा सभा एवं पुलिस प्रशासन के साथ बैठक कर सभी को कार्य योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु ठोस मास्टर प्लान तैयार करने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्य की नियमित समीक्षा और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, पेयजल निगम प्रोजेक्ट मैनेजर मीनाक्षी मित्तल सहित एनएचएआई, लोनिवि, जल संस्थान व केआईपीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।
