हरिद्वार:- श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र में भू माफिया द्वारा जमीन पर कब्जा करने के बाद उपजे विवाद को लेकर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग एवं अन्य कांग्रेसी पीड़ित राजकुमार के समर्थन में आगे आए हैं। प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने आरोप लगाया कि राजकुमार की भूमि पर अवैध रूप से भूमाफिया कब्जा करना चाहते हैं। राजकुमार को भू माफिया द्वारा डराया धमकाया जा रहा है। अमन गर्ग ने आरोप लगाया कि भू माफियाओं को श्यामपुर पुलिस और भाजपा और भाजपा के बड़े नेता संरक्षण मिल रहा है। पिछले एक माह से पीड़ित राजकुमार पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस पीड़ित को न्याय नहीं दिलवा पा रही है। जमीन का दाखिल खारिज होने के बावजूद भी भू स्वामी राजकुमार को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्यामपुर कांगड़ी के अन्य लोग भी भू माफियाओं से परेशान हैं लेकिन पुलिस इन भूमाफियाओं पर नकेल नहीं लगा पा रही है।
कांग्रेस नेता वरुण बालियान ने कहा कि पीड़ित द्वारा पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो पा रही है। पीड़ित राजकुमार न्याय की गुहार लग रहे हैं। पुलिस का काम कानून व्यवस्था को बनाने का है लेकिन पीड़ित पक्ष को ही परेशान किया जा रहा है। माफियाओं को रसूखदार लोगों का संरक्षण मिल रहा है। पुलिस को दोनों पक्षों के कागजों की पुष्टि के आधार पर न्याय करना चाहिए। भूमाफिया पुलिस और गुंडों के बल पर पीड़ित की आवाज को दबाना चाहते है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि श्यामपुर पुलिस थाना अब प्रॉपर्टी डीलर का कार्यालय बन चुका है। स्थानीय एस एच ओ अब क्षेत्र की जनता की सुरक्षा नहींज बल्कि भूमाफियों को संरक्षण देकर संपत्तियों को कब्जवाकर दलाली करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि श्यामपुर कांगड़ी के लोग भूमाफियाओं से तंग आ चुके हैं। जमीनों को अवैध रूप से कब्जाया जा रहा है। कांग्रेस नेता विकास चंद्रा ने कहा कि श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र में पुलिस, नेता और भूमाफिया गिरोह बनाकर जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित राजकुमार के पास वे सभी दस्तावजे उपलब्ध है जिससे प्रमाणित होता है कि जमीन उनकी है लेकिन श्यामपुर एस एच ओ कुछ भी सुनना नहीं चाहते और वे स्वयं ही पटवारी, जज और अधिकारी बनकर भूमाफियों को राजकुमार की संपत्ति कब्ज़वा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि राजकुमार को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस उग्र आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगी।
